यात्रियों के लिए नई सुविधा: बिलासपुर स्टेशन पर जल्द मिलेगी क्विक लॉन्ड्री सुविधा, ट्रेन छूटने से पहले धुलाई और प्रेस होंगे कपड़े

बिलासपुर। ट्रेन से सफर करना है और कपड़े गंदे हैं, लेकिन धोने या प्रेस कराने का समय नहीं है तो अब यात्रियों को स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार क्विक लॉन्ड्री सर्विस शुरू करने की तैयारी है। यात्री स्टेशन पर ही कपड़े जमा कर सकेंगे और 1-2 घंटे के इंतजार के दौरान धुलवाकर और प्रेस कराकर वापस ले सकेंगे। क्विक लॉन्ड्री सेंटर प्लेटफॉर्म पर ही बनाया जाएगा। रेलवे इसके लिए जगह उपलब्ध कराएगा और टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कपड़े जमा करते समय यात्री को टोकन मिलेगा। कपड़े तैयार होने पर मोबाइल पर एसएमएस भी भेजा जाएगा। इससे यात्री को कपड़े लेने के लिए बार-बार काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं होगी। अगले महीने से यह सेवा शुरू हो जाएगी।
छत्तीसगढ़ बिलासपुर स्टेशन पर शुरू होने वाली यह सुविधा SECR में पहली होगी। ऐसे यात्री ट्रेन बदलने के लिए कुछ घंटे रुकते हैं या लंबी दूरी की यात्रा कर रहे हैं, उन्हें इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। धुलाई, सुखाने और प्रेस की पूरी प्रक्रिया स्टेशन परिसर में ही होगी। हालांकि सेवा का शुल्क अभी तय नहीं किया गया है। क्विक लॉन्ड्री में 10 से 15 किलो क्षमता की इंडस्ट्रियल वॉशर-एक्सट्रैक्टर मशीन लगाई जाएगी। इसमें कपड़े धोने के साथ पानी निचोड़ा जाएगा। इसके बाद कमर्शियल टम्बल ड्रायर से कपड़े सुखाए जाएंगे। आखिरी में स्टीम आयरन और फिनिशिंग टेबल से प्रेस कर कपड़े तैयार किए जाएंगे। काउंटर पर कपड़े जमा करना होगा। इसका टोकन मिलेगा और वॉशिंग, ड्राइंग, स्टीम प्रेस के बाद तय समय पर डिलीवरी होगी।
बिलासपुर स्टेशन पर ट्रेन बदलने वाले कई यात्री कुछ घंटे रुकते हैं। ऐसे यात्रियों के लिए स्टेशन पर ही लॉन्ड्री सुविधा उपयोगी होगी। खासकर 2-4 घंटे के ठहराव में कपड़े धुलवाकर और प्रेस कराकर वापस लेने की सुविधा शुरू होने से बड़ी राहत मिलेगी।
सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान कई बार यात्रियों को कपड़े धोने या प्रेस कराने का समय नहीं मिल पाता। इसी आवश्यकता को देखते हुए स्टेशन पर क्विक लॉन्ड्री सेवा शुरू की जाएगी, ताकि यात्रियों को कम समय में सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण सुविधा मिल सके।