कपड़ा दुकान में आग का तांडव, जलकर खाक हुआ सामान; 12 लोगों की बची जान

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया सुपर मार्केट कॉम्प्लेक्स में आधी रात अचानक भीषण आगजनी की घटना घट गई। कॉम्प्लेक्स के भूतल पर स्थित नीरज कलेक्शन कपड़ा दुकान में आगजनी की पहली घटना घटी। कुछ ही देर में यह भीषण रूप ले लिया और पूरा कॉम्पलेक्स आग की लपटों से धधकने लगा। जब आग की लपटें विकराल रूप ले रही थी, उस वक्त कॉम्पलेक्स के पहली मंजिल के कमरों में परिवार गहरी नींद में सो रहे थे। समय रहते रेस्क्यू कर लिया गया, नहीं तो आगजनी और भयावह रूप ले लेती।
रात तकरीबन 2.35 बजे गश्त पर निकले अकलतरा थाने के आरक्षक शैलेंद्र राठौर की नजर बिल्डिंग से उठ रही आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिजली विभाग की बड़ी सीढ़ी मंगाकर पहली मंजिल पर फंसे 12 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। नगर सेना कार्यालय और जेएसडब्ल्यू प्लांट से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। ती घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। आगजनी की घटना में लाखों रुपये का नुकसान व्यवसायी को हुआ। दुकान में रखे कपड़ा जलकर पूरी तरह खाक हो गया है।
आग लगने के बाद धुआं पहली मंजिल तक भर गया था। सामान्य रास्ते से नीचे उतरना मुश्किल हो गया। पुलिस की टीम सीढ़ी के जरिए बालकनी तक पहुंची। एक-एक कर सभी लोगों को सीढ़ी के जरिए सुरक्षित नीचे उतारा गया। सुरक्षित निकाले गए लोगों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल थे। नीरज कलेक्शन के संचालक परितोष चक्रधारी का परिवार भी सकुशल बचा लिया गया।