16 लाख की रकम लेकर गायब हुआ कलेक्शन एजेंट, 2 साल के लंबे इंतजार के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

giraftar

रायपुर। व्यापारी से 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर करीब दो साल से फरार चल रहे कलेक्शन एजेंट को मौदहापारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमित सिंह को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बैंक में जमा कराने के लिए सौंपी गई रकम हड़प ली थी और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देश पर रायपुर में लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना मौदहापारा पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित सिंह शारदा चौक स्थित नमन डिस्ट्रीब्यूटर्स में वर्कर और कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम करता था। 24 मई 2024 को दुकान संचालक ने उसे यूको बैंक में जमा कराने के लिए 1 लाख रुपये की कलेक्शन राशि दी थी। इसके अलावा दिल्ली से आए व्यापारी संजय वर्मा से प्राप्त 15 लाख रुपये भी उसे सौंपे गए थे। इस तरह आरोपी के पास कुल 16 लाख रुपये जमा करने के लिए दिए गए थे।

आरोप है कि अमित सिंह ने पूरी रकम बैंक में जमा करने के बजाय उसे अपने पास रख लिया और फरार हो गया। मामले में दुकान संचालक की शिकायत पर 27 मई 2024 को धारा 406 और 408 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

घटना के बाद से पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान 19 अगस्त 2026 की देर रात मुखबिर से आरोपी के रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे आरोपियों की पतासाजी कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स