फैक्ट्री में हुआ प्यार, यूपी पहुंचकर प्रेमिका का सौदा! 20 हजार में बेचा, पैसे पूरे नहीं मिले तो दोबारा किया सौदा; 4 गिरफ्तार

news_featured_150_250kb

बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से इंसानी रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि छत्तीसगढ़ में मजदूरी के दौरान एक महिला से प्रेम संबंध बनाने वाले युवक ने उसे अपने गांव लाने के बाद 20 हजार रुपये में दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। पूरी रकम नहीं मिलने पर महिला को कथित तौर पर दोबारा किसी अन्य व्यक्ति के हाथ बेच दिया गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विनय छत्तीसगढ़ की एक लोहे की फैक्ट्री में मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात महिला से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। आरोप है कि विनय महिला को अपने गांव लेकर आया। महिला के बारे में पत्नी को जानकारी होने के बाद घर में विवाद शुरू हो गया।

इसी बीच आरोप है कि विनय ने महिला को रामभवन नामक व्यक्ति के हाथ 20 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विनय को कथित सौदे की पूरी रकम नहीं मिली थी। इसके बाद महिला को गरीबदास नामक व्यक्ति के हाथ दोबारा बेचने का आरोप है। वहीं, उदित पर इस कथित खरीद-फरोख्त में बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है।

महिला की खरीद-फरोख्त की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को मिली। सूचना पर बदौसा थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया। रेस्क्यू के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और बयान दर्ज किए गए। फिलहाल महिला को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।

पुलिस ने जांच के बाद विनय, रामभवन, गरीबदास और उदित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

 

रीसेंट पोस्ट्स