कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, फूफा की हत्या के लिए दी थी ₹5 लाख की सुपारी

hatya

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान तेलीपारा निवासी नवीन पटेल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नवीन ने अपने फूफा श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी।

जांच के दौरान पुलिस को नवीन द्वारा अलग-अलग माध्यमों से करीब 70 हजार रुपये दिए जाने के साक्ष्य मिले हैं। मामले में पुलिस पहले ही दो युवकों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है।

घटना 4 जुलाई की सुबह की है। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया और डंडे व चाकू से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों की जांच में हमले के पीछे नवीन पटेल की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, नवीन पटेल और श्याम कश्यप के बीच पारिवारिक संबंध हैं। श्याम कश्यप आरोपी के फूफा लगते हैं। नवीन की बुआ की मौत के बाद दोनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि श्याम कश्यप द्वारा नवीन की पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर किए जा रहे प्रयासों से विवाद लगातार बढ़ता गया। इसी संपत्ति विवाद के चलते नवीन ने अपने फूफा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और हत्या के लिए सुपारी देने का फैसला किया।

पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ कर साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।