क्रिप्टो ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने का झांसा, 17 लोगों से 1.80 करोड़ की ठगी; दो भाइयों पर FIR

thagi

सरगुजा। क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने और हर महीने कमीशन देने का झांसा देकर 17 लोगों से 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि निवेश के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो मुनाफा दिया और न ही मूलधन लौटाया। रकम वापस मांगने पर दोनों भाइयों ने मोबाइल बंद कर दिया और परिवार सहित फरार हो गए। मामले में अंबिकापुर के गांधीनगर थाना पुलिस ने बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र निवासी दो सगे भाइयों अक्षय लाल टोप्पो और संतोष टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

मामले की शिकायत ग्राम आरा, थाना राजपुर निवासी प्रभु नारायण ने एसएसपी राजेश अग्रवाल से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर बड़ी रकम ली गई, लेकिन बाद में उसे वापस नहीं किया गया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने शिकायत की जांच की। जांच के दौरान आरोपियों को रकम दिए जाने की पुष्टि होने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग गांवों के कुल 17 लोगों से रकम ली थी। इनमें टेनू राम से 1.27 लाख, गवर साय से 40 हजार, पंकज चौधरी से 8 लाख, जुगेश्वर बेक से 6.60 लाख, संजीवन से 3.20 लाख, शिवशंकर बेक से 2 लाख और कृपाशंकर बेक से 3.50 लाख रुपये लेने का आरोप है।

इसके अलावा गोविंद से 13.50 लाख, जंगला मिंज से 2.50 लाख, शिवपाल तिर्की से 13 लाख, दयाशंकर बेक से 2 लाख, ओडिशा के बसंत कुमार ओगर से 50 लाख, किशोर कलू से 5 लाख, संदीप दास से 40 लाख, गांधी टोप्पो से 4.20 लाख, शिकायतकर्ता प्रभु नारायण से 20.85 लाख और भूपेंद्र सिंह से 5.20 लाख रुपये लेने की बात जांच में सामने आई है।

बताया गया है कि आरोपियों ने 29 दिसंबर 2024 से 5 अगस्त 2025 के बीच नकद, चेक और फोन-पे के जरिए लोगों से रकम ली। शुरुआत में निवेशकों को मुनाफे का भरोसा दिलाया गया, लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे। बाद में दोनों ने मोबाइल फोन बंद कर दिए और परिवार के साथ फरार हो गए।

गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में रकम के लेन-देन, अन्य संभावित पीड़ितों और आरोपियों से जुड़े आर्थिक नेटवर्क की जांच कर रही है।