भिलाई में जल्द शुरू होगा बोगी रेस्ट्रो, असली ट्रेन कोच में बैठकर मिलेगा खाने का अनुभव

भिलाई। शहर में जल्द ही पुराने रेलवे कोच को आकर्षक रेस्टोरेंट में तब्दील किया जाएगा। करीब 50 लोगों की क्षमता वाले इस बोगी रेस्ट्रो में लोग वास्तविक ट्रेन के डिब्बे के अंदर बैठकर भोजन कर सकेंगे। कोच में किचन से लेकर डाइनिंग एरिया तक की पूरी व्यवस्था होगी। इसका संचालन निजी एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा, जिससे रेलवे को हर साल करीब 9 लाख रुपए की आय होने का अनुमान है।
रेलवे के अनुपयोगी हो चुके कोच को हटाने या कबाड़ में बदलने के बजाय अब उसका व्यावसायिक उपयोग किया जाएगा। इसी योजना के तहत भिलाई में पुराने रेलवे कोच को बोगी रेस्ट्रो का रूप दिया जाएगा। यह सामान्य रेस्टोरेंट से अलग होगा, क्योंकि यहां ग्राहकों को किसी कृत्रिम ट्रेन सेट के बजाय असली रेलवे कोच के भीतर बैठकर खाना खाने का अनुभव मिलेगा।
कोच के इंटीरियर और बैठने की व्यवस्था को इस तरह तैयार किया जाएगा कि ग्राहकों को ट्रेन के प्रीमियम कोच जैसा माहौल महसूस हो।
प्रस्तावित बोगी रेस्ट्रो में एक समय में करीब 50 लोग बैठ सकेंगे। इसमें किचन, डाइनिंग एरिया और ग्राहकों के लिए आरामदायक सिटिंग की व्यवस्था होगी। लोग अपनी पसंद का भोजन ऑर्डर कर ट्रेन के डिब्बे जैसी सीटों पर बैठकर खाने का आनंद ले सकेंगे।
इस रेस्टोरेंट का संचालन निजी एजेंसी को सौंपा जाएगा। इसके बदले रेलवे को हर साल लगभग 9 लाख रुपए की आय होने का अनुमान है। इस पहल से रेलवे को अनुपयोगी कोच से अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा और पुराने कोच का बेहतर इस्तेमाल भी हो सकेगा।
रेलवे की बोगी रेस्ट्रो योजना पहले ही बिलासपुर और उसलापुर स्टेशनों पर लागू की जा चुकी है। वहां पुराने रेलवे कोच को रेस्टोरेंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। भिलाई में प्रस्तावित बोगी रेस्ट्रो भी इसी मॉडल पर तैयार किया जाएगा।
भिलाई के प्रस्तावित बोगी रेस्ट्रो की खासियत यह होगी कि बाहर से यह रेलवे का कोच दिखाई देगा, जबकि अंदर आधुनिक रेस्टोरेंट की सुविधाएं मौजूद रहेंगी। असली ट्रेन के डिब्बे में बैठकर खाना खाने का अनुभव शहरवासियों के लिए नया और आकर्षक फूड एक्सपीरियंस साबित हो सकता है।