प्रदेश में फिर बदला मौसम, 18 जिलों में बिजली-तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट

mausam1

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हुआ और लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। इस दौरान कई इलाकों में तेज बौछारों के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने के अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की भी संभावना है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर रुक-रुककर जारी रहने का अनुमान है।

आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत या ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में बारिश के सक्रिय होने की प्रमुख वजह दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

इसके अलावा, मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून और शाहजहांपुर होते हुए इस मौसम प्रणाली के केंद्र से गुजर रही है और आगे रांची तथा उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते छत्तीसगढ़ में नमी का स्तर बढ़ा है और बारिश का दौर सक्रिय बना हुआ है।