भानुप्रतापपुर में अरहर और चेंच भाजी की फसल के बीच उगा रहा था गांजा, 844 पौधे जब्त, आरोपी किसान गिरफ्तार

कांकेर। छत्तीसगढ़ में अवैध गांजा खेती के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भूसरासटहुल में पुलिस ने एक खेत में दबिश देकर गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के 844 पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन करीब 8.50 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 4.25 लाख रुपये बताया गया है।
पुलिस को गांव में अवैध रूप से गांजा उगाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने संबंधित खेत में दबिश दी। जांच के दौरान अरहर और चेंच भाजी की फसल के बीच बड़ी संख्या में गांजे के पौधे मिले। आरोपी ने गांजे के पौधों को दूसरी फसलों के बीच इस तरह लगाया था कि पहली नजर में अवैध खेती का पता लगाना मुश्किल हो।
पुलिस ने मौके से सभी पौधों को जब्त कर आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के मोबाइल फोन की भी जांच की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार महीने पहले गांजे की खेती के लिए बीज तैयार किए थे। इसके बाद खेत में पौधों की रोपाई की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा तैयार कर उसे बेचने की तैयारी में था।
मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजे के बीज कहां से मिले और इस अवैध खेती में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।
पुलिस अब गांजे की संभावित सप्लाई और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तैयार गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी और इसके लिए आरोपी किन लोगों के संपर्क में था।
भारत में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 (NDPS Act) के तहत गांजे की अवैध खेती और उससे जुड़े कारोबार पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। इसके बावजूद देश के अलग-अलग हिस्सों में चोरी-छिपे गांजे की खेती के मामले सामने आते रहते हैं।
कांकेर जिले में भी इससे पहले पुलिस ने अवैध गांजे के खिलाफ कई कार्रवाई की हैं। 20 फरवरी को अंतागढ़ में 350 पौधों समेत करीब 17 लाख रुपये का गांजा जब्त किया गया था। वहीं 7 अप्रैल को कोरनार में दो आरोपियों के कब्जे से 16.50 लाख रुपये का गांजा और 24 अप्रैल को चारामा के मचांदुर में करीब 48,500 रुपये का गांजा बरामद किया गया था।
फिलहाल भानुप्रतापपुर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अवैध गांजा खेती के पीछे जुड़े संभावित लोगों तथा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।