SBI एजेंट बनकर ठग ने भेजा लिंक, क्लिक करते ही क्रेडिट कार्ड से निकले 19 हजार

cyber-crime_1567690309

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। करीब आठ महीने पुराने इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठग ने खुद को SBI का एजेंट बताकर एक युवक को फोन किया और क्रेडिट कार्ड की इंटरनेशनल व डोमेस्टिक कॉल सुविधा बंद कराने के नाम पर लिंक भेजा। युवक के लिंक पर क्लिक करते ही उसके मोबाइल में कॉल और मैसेज फॉरवर्ड होने लगे। इसी दौरान ठग ने उसके क्रेडिट कार्ड से दो बार 9,500-9,500 रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल 19 हजार रुपये की ठगी की गई।

अशोक नगर सरकंडा निवासी आकाश कुमार साहू गीजर लगाने का काम करता है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि 9 दिसंबर 2025 को वह बिलासपुर से कोटा जा रहा था। दोपहर के समय भरनी CRPF कैंप के पास पहुंचने पर उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया।

कॉल करने वाले ने खुद को SBI का एजेंट बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड में इंटरनेशनल और डोमेस्टिक कॉलिंग की सुविधा सक्रिय है। ठग ने दावा किया कि अगर यह सुविधा बंद नहीं की गई तो उसके खाते से 4 हजार रुपये कट सकते हैं। इसके बाद आरोपी ने उसे एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक कर सुविधा बंद करने को कहा।

आकाश ने जैसे ही भेजे गए लिंक पर क्लिक किया, उसके मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग सिस्टम सक्रिय हो गया। इसके बाद मोबाइल पर आने वाली कॉल और मैसेज दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे। इसी दौरान ठग ने उसके क्रेडिट कार्ड से दो बार 9,500 रुपये निकाल लिए।

मोबाइल पर रकम कटने के मैसेज आने के बाद आकाश को साइबर ठगी का पता चला। उसने 26 अगस्त को सकरी थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब संबंधित मोबाइल नंबर और बैंकिंग लेनदेन की जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।