पेपर लीक से मचा हड़कंप: एक ही कॉलेज से बार-बार पेपर लीक के तार! IGKV ने फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स की परीक्षा की रद्द

paper_leak_featured_150_250kb

रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की परीक्षाओं में पेपर लीक का मामला लगातार सामने आ रहा है। अब फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स के प्रश्नपत्र में गड़बड़ी और लीक की पुष्टि होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा 19 अगस्त को प्रदेश के सभी 28 कृषि महाविद्यालयों में आयोजित की गई थी।

पेपर लीक की जांच के लिए विश्वविद्यालय ने पांच सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति की शुरुआती जांच में सामने आया कि भारती कृषि महाविद्यालय को भेजे गए प्रश्नपत्र के लिफाफे के साथ छेड़छाड़ की गई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि जेनेटिक्स के प्रश्नपत्र से जुड़ी गड़बड़ी का तरीका पहले सामने आए दो अन्य पेपर लीक मामलों से मिलता-जुलता है। ऐसे में जांच की दिशा एक बार फिर उसी कॉलेज की ओर जाती दिखाई दे रही है।

मामले में पहले से आरोपी सहायक प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया की भूमिका की भी दोबारा जांच की जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

IGKV के कुलपति ने बताया कि फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने पुलिस को भी शिकायत भेजी है।

भारती कृषि महाविद्यालय को नोटिस जारी कर 10 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कॉलेज का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उसे डिफाल्टर घोषित करने की कार्रवाई की जा सकती है।

डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने नए पेपर लीक मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की शिकायत के आधार पर इस प्रकरण को पहले से चल रही पुलिस जांच में शामिल कर लिया गया है।

अब पुलिस और विश्वविद्यालय की जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रश्नपत्र के लिफाफे के साथ छेड़छाड़ कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।