बिलासपुर में स्पा संचालक भाइयों पर गंभीर आरोप, महिला कर्मचारी ने दर्ज कराई छेड़खानी की शिकायत

FIR

बिलासपुर। पूर्व एडीशनल एसपी पर अवैध वसूली का आरोप लगाने वाले स्पा सेंटर संचालक दो भाइयों पर अब उनके ही संस्थान में काम करने वाली दिल्ली की महिला कर्मचारी ने छेड़खानी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक अमन सेन और उसके भाई लोकेश सेन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 25 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई। वह दिल्ली की रहने वाली है और सकरी क्षेत्र की एक कॉलोनी में पति के साथ किराए के मकान में रहती है। महिला के अनुसार वह पिछले करीब तीन महीने से 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम कर रही थी। आरोप है कि स्पा संचालक अमन सेन और उसका भाई लोकेश सेन उस पर जबरन स्पा कराने का दबाव बनाते थे। महिला का आरोप है कि अमन सेन उसे अपने निजी केबिन में ले जाकर अनुचित तरीके से छूता था। विरोध करने और नौकरी छोड़ने की बात कहने पर उसका पिछले महीने का वेतन भी रोक दिया गया।

शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त की शाम करीब 4 से 5 बजे महिला बकाया वेतन लेने अमन सेन के केबिन में पहुंची। आरोप है कि वेतन मांगने पर अमन ने उसके बाल पकड़कर जबरन कुर्सी पर बैठाया और अश्लील बातें कीं। महिला वहां से निकल गई। इसके बाद 25 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह दोबारा वेतन लेने स्पा सेंटर पहुंची, जहां लोकेश सेन मिला। महिला का आरोप है कि लोकेश ने उसके भाई को बदनाम करने की बात कहते हुए उसके साथ छेड़खानी की।

महिला ने बताया कि उसने खुद को बचाने के लिए मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया, लेकिन लोकेश ने उसका मोबाइल छीनकर जेब में रख लिया। विरोध करने पर उसका हाथ मरोड़ दिया गया। बाद में किसी तरह मोबाइल वापस मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों भाइयों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, जब वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची, उसी दौरान अमन सेन ने उसके मोबाइल पर फोन किया। आरोप है कि कॉल पर अमन ने अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने फोन का स्पीकर ऑन कर पुलिसकर्मियों को कथित धमकी सुनाई।

गौरतलब है कि स्पा सेंटर संचालक अमन सेन ने पूर्व एडीशनल एसपी सिटी राजेंद्र जायसवाल पर भी काम करने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगाया था। उसने एएसपी कार्यालय में अपने और अधिकारी के बीच हुई बातचीत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर एएसपी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है।