संपत्ति विवाद का खूनी अंजाम, 20 वर्षीय पोते ने की दादा की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक 20 वर्षीय पोते ने अपने दादा पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसी का है। घटना शुक्रवार 28 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। मृतक की पहचान धनेश धीवर (45) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका 20 वर्षीय पोता राहुल उर्फ खिलेंद्र धीवर है।
जानकारी के मुताबिक, धनेश और राहुल के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद के दौरान राहुल ने कथित तौर पर नुकीली वस्तु से अपने दादा धनेश पर हमला कर दिया। हमले में धनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घायल धनेश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हत्या की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ खिलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।