छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 5 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट; कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सुस्ती अब खत्म होती नजर आ रही है। प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अगस्त से अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ जिलों में भारी से लेकर अति भारी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश का असर ज्यादा रहा। बलरामपुर जिले में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
बीते 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक, बलरामपुर जिले के रघुनाथ नगर और रामानुजगंज में 12-12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं राजपुर में 10 सेंटीमीटर, जबकि कुसमी और चांदो में 9-9 सेंटीमीटर पानी गिरा।
इसके अलावा जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है।
तापमान की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम 28.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक प्रभावी है।
इसके अगले 24 घंटे में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के रास्ते आगे बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ भी सक्रिय है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटे के दौरान कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बहुत तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
यह मौसम अगले पांच दिनों तक बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
राजधानी रायपुर में भी आज मौसम बदला हुआ रहेगा। 31 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश के साथ गरज-चमक वाली तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कुल मिलाकर अगले कुछ दिनों में राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।