बिलासपुर। 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट में सवार 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर उस वक्त बाल-बाल बच गए, जब लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर अचानक फट गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इससे विमान सुरक्षित रुक तो गया, लेकिन घर्षण और दबाव के चलते चारों पहियों के साथ ब्रेक सिस्टम और लैंडिंग गियर को भी भारी नुकसान पहुंचा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक एयरलाइंस को करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त विमान अगले करीब 6 महीने तक नियमित उड़ान नहीं भर सकेगा। हालांकि, रनवे को जल्द खाली करा लिया गया था और तीसरे दिन से बिलासपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य हो गया।