छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: 11 जिलों में 60 किमी की रफ्तार से आंधी, तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को मौसम का मिजाज बदलने वाला है। रायपुर मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में अचानक मौसम खराब होने के साथ तेज आंधी और वज्रपात की भी आशंका है। अगले 24 घंटे के दौरान कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के 11 जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रायपुर के अलावा दुर्ग, राजनांदगांव, बस्तर, धमतरी, कांकेर, महासमुंद, जांजगीर-चांपा और दंतेवाड़ा समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और मध्यम बारिश होने के आसार हैं। यानी बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
खराब मौसम की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने आम लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान में जाने से बचने को कहा गया है। लोगों को कमजोर इमारतों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा नदी-नालों और पानी से ओवरफ्लो हो रहे पुल-पुलिया को पार करने से बचने को कहा गया है। किसानों को भी अपनी फसलों और मवेशियों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की सलाह दी गई है।