CG Job Fair: कांकेर और बलौदाबाजार में रोजगार मेले का आयोजन, 1500 से ज्यादा पदों पर भर्ती का मौका

बलौदाबाजार/कांकेर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बलौदाबाजार और कांकेर जिले में अलग-अलग तारीखों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के जरिए निजी कंपनियों में बड़ी संख्या में युवाओं की भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तारीख, समय और स्थान पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
कांकेर जिले में जिला रोजगार कार्यालय और प्रशासन के सहयोग से 11 सितंबर को संभाग स्तरीय एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लाइवलीवुड कॉलेज, कांकेर में होगा।
निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा कुल 1023 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें फील्ड ऑफिसर के 36, सिक्योरिटी गार्ड के 353, फायरमैन के 20, फूड पैकिंग के 25, हैवी वाहन चालक के 10, होम केयर के 50, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 25 और नर्सिंग स्टाफ के 10 पद शामिल हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले में सीधे पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता प्राथमिक चयन के बाद साक्षात्कार आयोजित करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की जानकारी फोन के माध्यम से दी जाएगी।
बलौदाबाजार में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 9 सितंबर को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन शासकीय डीके कॉलेज, बलौदाबाजार में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा करीब 557 पदों पर भर्ती की जाएगी।
नियोजकों की ओर से कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, रोल्स एग्जीक्यूटिव, टेक्नीशियन, बीमा सलाहकार, कस्टमर सर्विस, असिस्टेंट, मैकेनिकल इंजीनियर, फिटर, मशीन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, असिस्टेंट सुपरवाइजर, सुपरवाइजर, मार्केटिंग और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी।
8वीं से स्नातक तक के युवाओं के लिए अवसर
रोजगार मेले में अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा से लेकर स्नातक तक निर्धारित की गई है। पद के अनुसार अभ्यर्थियों की उम्र और अनुभव की शर्तें भी अलग-अलग हैं।
वेतन भी पद के अनुसार अलग-अलग होगा। कुछ पदों पर करीब 8 हजार से 15 हजार रुपये, जबकि तकनीकी और सुपरवाइजर स्तर के पदों पर 12 हजार से 40 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। कुछ पदों पर इंसेंटिव और कमीशन का भी प्रावधान है।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए जरूरी दस्तावेज
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदक का जिला रोजगार कार्यालय में पंजीयन होना अनिवार्य है। इच्छुक युवा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप या ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से रोजगार पंजीयन और नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, रोजगार पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आना होगा।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। बलौदाबाजार के आवेदक दूरभाष नंबर 07727-299443 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।