जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक शादीशुदा युवक पर नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला बस्तर थाना क्षेत्र का है।
आरोपी की पहचान बुधमन मौर्य (24) निवासी बागबहार डोंगरीपारा, नगर पंचायत बस्तर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और नाबालिग की पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को प्रेम और शादी का झांसा देकर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद 29 जनवरी को बस्तर-बागबहार स्थित काजू प्लांट ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके अगले दिन 30 जनवरी को भी आरोपी ने नाबालिग को मिलने के लिए बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को आरोपी की पत्नी राखी के अवसर पर मायके गई थी। इसी दौरान आरोपी नाबालिग को अपने घर ले गया और उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर 1 सितंबर को बस्तर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित कर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 1 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।