अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को फिर मौका; बुमराह की वापसी

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लगातार चौथी सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है। वहीं श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन और ईशान किशन संभालेंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। सीरीज के सभी मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित होंगे।
युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी लगातार चौथी बार भारतीय टी20 टीम का हिस्सा बने हैं। उन्हें सबसे पहले आयरलैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया था, हालांकि उस दौरे पर उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला।
इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर वैभव ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता था। सीरीज के तीसरे मुकाबले में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। वैभव अब तक 6 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 193 रन बना चुके हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह समेत 7 खिलाड़ियों की टीम में वापसी हुई है। बुमराह के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को भी टीम में शामिल किया गया है।
बुमराह ने आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में खेला था। इसके बाद चोट के कारण वे टीम से बाहर रहे और श्रीलंका दौरे पर भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बने।
जिम्बाब्वे दौरे पर गई भारतीय टीम में इस बार 8 बदलाव किए गए हैं। संजू सैमसन की टीम में वापसी हुई है। वे जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं थे। उनके साथ ईशान किशन को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है।
रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, प्रभसिमरन सिंह, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव और अशोक शर्मा को इस सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया था।
टीम में शामिल जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा का सीरीज में खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। ये सभी खिलाड़ी चोट से वापसी कर रहे हैं।
वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को टीम में जगह नहीं मिली है। वह फिलहाल चोट से उबर रहे हैं।
अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम पहले ही घोषित कर दी है। इब्राहिम जादरान टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि रहमानुल्लाह गुरबाज विकेटकीपर की भूमिका में होंगे।
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेद्दीकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, नूर रहमान, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी, नवीन उल हक और अब्दुल्लाह अहमदजई।
रिजर्व खिलाड़ी: शाहिदुल्लाह कमाल, फरीद अहमद मलिक और इजाज अहमदजई।