अनुकंपा नियुक्ति पर बने पटवारी को झटका, विभागीय परीक्षा में लगातार चार बार असफल, कोरबा के पटवारी रविन्द्र बंजारे की सेवा समाप्त

1264853-seva-samapta

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अनुकंपा नियुक्ति पर पटवारी बने रविन्द्र कुमार बंजारे की सेवा समाप्त कर दी गई है। पटवारी विभागीय परीक्षा में लगातार चार अवसर मिलने के बावजूद सफल नहीं होने पर कलेक्टर ने यह कार्रवाई की है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने आदेश जारी कर हल्का नंबर-1 सपलवा, तहसील पाली में पदस्थ बंजारे की पटवारी पद पर नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी।

कार्यालयीन आदेश के मुताबिक रविन्द्र कुमार बंजारे को वर्ष 2015 में पटवारी प्रशिक्षु के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई थी। इसके बाद उन्हें पटवारी प्रशिक्षण के लिए पटवारी प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर भेजा गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आयोजित विभागीय परीक्षा में उन्होंने निर्धारित चार अवसरों में भी सफलता हासिल नहीं की।

छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 28 अगस्त 2015 को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि पटवारी विभागीय परीक्षा में निर्धारित चार अवसरों में असफल रहने पर नियुक्ति समाप्त की जा सकती है। वहीं, आयुक्त भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को जारी पत्र में भी स्पष्ट किया गया कि छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली के तहत विभागीय परीक्षा में असफल प्रशिक्षणार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए पांचवां अवसर देने का प्रावधान नहीं है।

कार्रवाई से पहले कार्यालय ने 13 अगस्त 2026 को रविन्द्र कुमार बंजारे को अंतिम सूचना पत्र जारी किया था। उन्हें 20 अगस्त 2026 तक विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने से संबंधित आदेश, राजपत्र, अंकसूची या प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा तक बंजारे ने परीक्षा उत्तीर्ण करने से संबंधित कोई दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किया।

इसके बाद शासन के प्रचलित नियमों और निर्देशों के तहत कलेक्टर कोरबा ने 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार रविन्द्र कुमार बंजारे की पटवारी पद पर नियुक्ति समाप्त कर उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया है।