बिलासपुर में बवाल और पथराव के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान समेत 20 गिरफ्तार

बिलासपुर : शहर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, बवाल और पथराव के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से उपद्रव और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 20 आरोपियों में सोहेल खान गुट के 17 लोग शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष यानी रामसिंह गुट के 3 आरोपियों को भी पकड़ा गया है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कट्टा, पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य संदिग्धों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य उपद्रवियों और आपराधिक तत्वों को कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त संदेश देना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि हिंसा और बवाल में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है और जांच में जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या विवाद बढ़ाने वाली सामग्री साझा करने से बचने को कहा है।