रक्तदान के बाद डोनर्स को नहीं मिल रहा रिफ्रेशमेंट, अंबेडकर अस्पताल में बजट-सामान की कमी बनी वजह

बिलासपुर : बिलासपुर स्थित अंबेडकर अस्पताल के ब्लड बैंक में पिछले करीब 20 दिनों से रक्तदाताओं को रिफ्रेशमेंट नहीं मिल रहा है। 450 एमएल रक्तदान करने के बाद डोनर्स को सिर्फ पानी दिया जा रहा है। फ्रूटी, बिस्किट और अन्य रिफ्रेशमेंट की सुविधा बंद होने से रक्तदान करने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रक्तदान के बाद कुछ लोगों को कमजोरी, थकान या चक्कर जैसी परेशानी हो सकती है। ऐसे में जूस, बिस्किट या फल जैसी चीजें शरीर को तत्काल ऊर्जा देने में मदद करती हैं। लेकिन फिलहाल अंबेडकर अस्पताल के ब्लड बैंक में डोनर्स को केवल आरओ (RO – Reverse Osmosis) का पानी ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि रात के समय इमरजेंसी में रक्तदान करने पहुंचने वाले लोगों के लिए भी रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था नहीं है। एक डोनर के मुताबिक रक्तदान के बाद उन्हें सिर्फ पानी दिया गया, जबकि चाय या कॉफी तक की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। वहीं, कर्मचारियों की ओर से बजट और सामान की कमी को इसकी वजह बताया जा रहा है।
अंबेडकर अस्पताल के ब्लड बैंक में प्रतिदिन करीब 50 से 55 लोग रक्तदान करते हैं। सालभर में लगभग 15 हजार यूनिट रक्त एकत्र किया जाता है, जबकि अस्पताल की सालाना जरूरत करीब 18 हजार यूनिट है। यानी कलेक्शन और जरूरत के बीच करीब 3 हजार यूनिट का अंतर बना हुआ है।
इसके अलावा निजी ब्लड बैंकों की बढ़ती संख्या का असर भी सरकारी ब्लड बैंक के कलेक्शन पर पड़ रहा है। पर्याप्त रक्त उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में मरीजों के परिजनों को भी परेशानी उठानी पड़ती है और कई बार खून की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।
अस्पताल प्रशासन ने रिफ्रेशमेंट की समस्या जल्द दूर होने का दावा किया है। अधिकारियों के अनुसार, सामान की खरीदारी के लिए प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई थी और इसके लिए पत्र भी भेजा गया था। अब जेम (GeM – Government e-Marketplace) पोर्टल के माध्यम से ऑर्डर किया जा चुका है।
प्रशासन का कहना है कि इसी सप्ताह आवश्यक सामान अस्पताल पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद रक्तदाताओं को दोबारा पहले की तरह फ्रूटी, बिस्किट और अन्य रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया जाएगा।