जिले के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर: जवाहर नवोदय विद्यालय की 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 30 सितंबर तक करें आवेदन

images (17)

केनापारा जवाहर नवोदय विद्यालय में लेटरल एंट्री चयन परीक्षा से मिलेगा प्रवेश, 10 अप्रैल 2027 को होगी परीक्षा: आवेदन पूरी तरह निःशुल्क

एमसीबी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट एवं निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। पीएम  स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा (बैकुंठपुर), जिला-कोरिया में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में पार्श्व चयन परीक्षा यानी लेटरल एंट्री चयन परीक्षा (LEST) के माध्यम से प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्तमान में एमसीबी जिला जवाहर नवोदय विद्यालय केनापारा के शैक्षणिक क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आता है।

30 सितंबर तक निःशुल्क कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
कक्षा 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के तहत एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़, खड़गवां एवं भरतपुर विकासखंड के वे छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं, जो वर्तमान में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में क्रमशः कक्षा 8वीं अथवा 10वीं में अध्ययनरत हैं।

घर बैठे मोबाइल से भी भर सकते हैं आवेदन
विद्यार्थियों को आवेदन के लिए किसी विशेष स्थान पर जाने की आवश्यकता नहीं है। इंटरनेट सुविधा वाले कंप्यूटर, लैपटॉप अथवा मोबाइल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थी अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अथवा लोकसेवा केंद्र की सहायता से भी आसानी से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन लिंक
नवोदय विद्यालय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी आवेदन करने से पहले आवश्यक जानकारी एवं पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। आवेदन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की मुख्य वेबसाइट https://navodaya.gov.in/ पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9  तथा कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन लिंकhttps://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11निर्धारित किया गया है।

10 अप्रैल 2027 को होगी लेटरल एंट्री चयन परीक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कक्षा 9वीं एवं 11वीं में लेटरल एंट्री के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों का चयन निर्धारित प्रवेश परीक्षा एवं नियमों के आधार पर किया जाएगा। इसलिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करने की सलाह दी गई है।

तकनीकी समस्या पर सहायक केंद्र से ले सकेंगे मदद
ऑनलाइन आवेदन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर अभ्यर्थी जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा, बैकुंठपुर में स्थापित सहायक केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। विभाग एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा करें।