सनसनीखेज हत्या: पत्नी से विवाद के बाद हैवान बना पति, सीमेंट के डंबल से कर दी हत्या

hatya

कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना पाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 स्थित शांति बस्ती की है। वारदात बुधवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। मृतका की पहचान बंधन कुंवर (39) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम रमेश डोंगरे (40) बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद रमेश अपनी पत्नी बंधन के घर में ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि रमेश अलग से दूसरा मकान बनाकर वहां रहने की इच्छा रखता था, जबकि बंधन इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के भी पति-पत्नी के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रमेश ने गुस्से में सीमेंट के डंबल से बंधन के सिर पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी पति कमरे में ही बैठा रहा। सुबह काफी देर तक कमरे से किसी के बाहर नहीं आने पर परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो बंधन की लाश पड़ी हुई थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पाली पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी रमेश डोंगरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स