स्पोर्ट्स बाइक का शौक बना मुसीबत, पल्सर चोरी के मामले में 19 वर्षीय युवक समेत 2 नाबालिग पकड़े गए

कोरबा। महंगी स्पोर्ट्स बाइक का शौक तीन युवकों को भारी पड़ गया। बाइक खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने चोरी का रास्ता अपनाया। लेकिन वारदात के कुछ ही घंटों बाद चोरी की बाइक की डुप्लीकेट चाबी बनवाने पहुंचे तो पूरा मामला खुल गया। चाबी बनाने वाले दुकानदार ने बाइक को पहचान लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक समेत दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पल्सर आरएस 200 और कुसमुंडा क्षेत्र से चुराई गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल भी जब्त किया है।
मामला बांकीमोंगरा के कुदरीपारा नंबर-2 मेन रोड का है। पुलिस के मुताबिक, देव कुमार अहिरवार ने 5 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपनी पल्सर आरएस 200 बाइक दुकान के सामने लॉक करके खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे बाइक वहां से गायब मिली। इसके बाद उन्होंने बांकीमोंगरा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस मामले की जांच कर रही थी, इसी दौरान चोरी की बाइक के कोरबा के टीपी नगर पहुंचने की सूचना मिली। पता चला कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर डुप्लीकेट चाबी बनवाने एक दुकान पर पहुंचा है।
युवक के बाइक लेकर दुकान पहुंचते ही संचालक की नजर वाहन पर पड़ी। बाइक को देखते ही उसे संदेह हुआ। उसने युवक से बाइक के दस्तावेज मांगे। मामला संदिग्ध लगने पर दुकानदार ने चुपचाप अपने पिता राज अहिरवार को फोन किया।
राज अहिरवार ने बाइक को पहचानते हुए बताया कि यही वाहन उनके परिवार से चोरी हुआ है। इसके बाद उन्होंने तत्काल बांकीमोंगरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, CSEB चौकी की टीम ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर बांकीमोंगरा थाने पहुंचाया। पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू (19), पिता विक्रमलाल निषाद, निवासी भिलाई बाजार, हरदीबाजार के रूप में हुई। जांच के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई।
तीनों से पूछताछ के दौरान पुलिस को वाहन चोरी की एक अन्य वारदात की जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बांकीमोंगरा क्षेत्र से पल्सर आरएस 200 और कुसमुंडा इलाके से एक्टिवा स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी के वाहन बरामद कर लिए। मामले में मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।