बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक चाचा ने कथित तौर पर अपनी महज दो साल की भतीजी को जलते हुए चूल्हे में डाल दिया। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना कोनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक वारदात 8 सितंबर को हुई। मृतक बच्ची की उम्र महज दो साल थी। मामले में बच्ची के सगे चाचा नितिन को आरोपी बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि नितिन का बच्ची की मां और अपनी भाभी अंकिता के साथ प्रेम संबंध था। 26 अगस्त को नितिन कथित तौर पर अंकिता और उसकी बच्ची को अपने साथ लेकर घर से चला गया था। इसके बाद तीनों रायपुर में रहने लगे। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के बाद नितिन, अंकिता और बच्ची 8 सितंबर को वापस घर लौटे। घर पहुंचने के बाद नितिन का अपने बड़े भाई सुधीर से विवाद हो गया। इसके बाद उसकी अपनी भाभी से भी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई।
पुलिस के पहुंचने पर किसी तरह विवाद शांत कराया गया। हालांकि, इससे पहले गुस्से में नितिन ने कथित तौर पर अपनी भाभी की दो साल की बच्ची को जलते हुए चूल्हे में डाल दिया था। बच्ची बुरी तरह झुलस गई।
गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था। लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी नितिन को बच्ची की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।