मौसम विभाग का अलर्ट: भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

mausam

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 11 सितंबर को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और सक्रिय हो सकती हैं। इसका सबसे ज्यादा असर मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ बारिश का सिलसिला तेज होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है, जिसके चलते निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।

बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। 11 सितंबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान, खेत और अन्य खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर भी पड़ेगा। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम में ठंडक महसूस होगी। हालांकि इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना कम है।

खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। गरज-चमक के समय पक्के मकान या अन्य सुरक्षित जगह की शरण लें। ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और बिजली कड़कने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक एवं विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल से भी परहेज करें।

किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खुले में रखी फसल और मंडियों में पड़ी उपज को बारिश से बचाने के लिए तत्काल सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखने की अपील की गई है।

रीसेंट पोस्ट्स