गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता का हंगामा, पुलिस से विवाद के बाद तोड़फोड़; FIR दर्ज

गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता का हंगामा, पुलिस से विवाद के बाद तोड़फोड़; FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना परिसर में डीजे वाहन छुड़ाने पहुंचे भाजयुमो नेता पर पुलिस के साथ विवाद और थाना परिसर में तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार, निर्धारित समय-सीमा के बाद नियमों का उल्लंघन करते हुए डीजे बजाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई को रुकवाने और जब्त डीजे वाहन को छुड़ाने के लिए शुभांकर द्विवेदी गुढ़ियारी थाने पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि थाने में पुलिस कार्रवाई को लेकर उसकी पुलिसकर्मियों से बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद थाना परिसर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

रायपुर नॉर्थ DCP दीपमाला कश्यप ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर की है। शुभांकर द्विवेदी डीजे वाहन को छुड़ाने के लिए थाने पहुंचा था। इस दौरान विवाद हुआ और थाना परिसर में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने गुढ़ियारी थाने में हुई घटना को गंभीर बताते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा और पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के इस्तीफे की मांग की।

मेनन ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी छत्तीसगढ़ को बिहार बनाने की तैयारी कर रही है।