उत्तरी अरब सागर में भारत-पाकिस्तान नौसेना के जहाजों में टक्कर, भारत ने जताया कड़ा विरोध

IMG_6686

नई दिल्ली। उत्तरी अरब सागर में 15 सितंबर की शाम भारतीय नौसेना और पाकिस्तान नौसेना के जहाजों के बीच टक्कर की घटना सामने आई। भारत के मुताबिक, पाकिस्तान नौसेना का एक जहाज नियमित निगरानी मिशन पर तैनात भारतीय नौसेना के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोत के बेहद करीब तेज रफ्तार से पहुंचा और असुरक्षित तथा गैर-पेशेवर तरीके से उसकी दिशा में आगे बढ़ा। इसी दौरान दोनों जहाजों के बीच टक्कर हो गई। घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी राजनयिक को तलब किया। भारत की ओर से पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के समुद्र में कथित अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई। भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए उस समझौते के अनुच्छेद 10 के अनुरूप नहीं था, जिसमें सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही से संबंधित अग्रिम सूचना के प्रावधान शामिल हैं।

भारत ने पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक से कहा कि वह इस मामले को संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों के समक्ष उठाएं। साथ ही, भारत ने जोर दिया कि दोनों देशों की सैन्य इकाइयों को समुद्र में पर्याप्त सावधानी बरतनी चाहिए और आपसी समझौतों के प्रावधानों का पालन करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय प्रभारी राजनयिक को भी निर्देश दिया है कि वह पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इस घटना को लेकर भारत का विरोध दर्ज कराएं।