छत्तीसगढ़ में मौसम फिर लेगा करवट, 19 सितंबर से बारिश का दौर बढ़ने के आसार

mausam

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में रात का तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक कुल वर्षा सामान्य औसत से करीब 5 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने 20 से 22 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने का अनुमान जताया है। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी होने की संभावना है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक शुरू होने पर खुले स्थानों से तुरंत हटकर किसी सुरक्षित और पक्के भवन में शरण लें। पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य खुले स्थानों के पास खड़े होने से बचें।

किसानों को भी सलाह दी गई है कि बारिश की संभावना को देखते हुए कटी हुई फसल को खुले में न छोड़ें और उसे सुरक्षित स्थान पर रख दें, ताकि बारिश से फसल को नुकसान न पहुंचे।