बिलासपुर RPF ने पकड़ा रेलवे कॉपर केबल चोरी गिरोह, 17 आरोपी गिरफ्तार

GIRAFTAR

बिलासपुर। रेलवे की कॉपर केबल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का RPF ने पर्दाफाश किया है। दिल्ली से अनूपपुर पहुंचकर रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 10 चोरों और 7 रिसीवर समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कॉपर केबल, रेलवे की अन्य तांबे की सामग्री और रेकी में इस्तेमाल किए जाने वाले 4 स्कूटर बरामद किए गए हैं।

बुढ़ार, सिंहपुर, छादा और शहडोल क्षेत्र में रेलवे की कॉपर केबल चोरी की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं। मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के निर्देश पर RPF बिलासपुर और अनूपपुर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान टीम को पता चला कि गिरोह के सदस्य दिल्ली से अनूपपुर पहुंचते थे और यहां किराए के मकानों में रहकर चोरी की योजना बनाते थे। आरोपी स्कूटर से रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में घूमकर पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही रेलवे की कॉपर केबल और अन्य तांबे की सामग्री चोरी कर फरार हो जाते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई रेलवे सामग्री को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ बाजार में बेच दिया जाता था। गिरोह में चोरी करने वाले आरोपियों के अलावा चोरी का सामान खरीदने वाले रिसीवर भी शामिल थे। RPF ने दोनों स्तरों पर कार्रवाई करते हुए कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के दौरान RPF ने प्रभावित रेलखंडों में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी थी। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर टीम ने उमरिया में ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी को गाजियाबाद स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई बड़ी मात्रा में कॉपर केबल और रेलवे से संबंधित अन्य तांबे की सामग्री बरामद की गई है। इसके अलावा चोरी से पहले रेलवे क्षेत्र की रेकी करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 4 स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।

RPF की जांच फिलहाल जारी है। टीम गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के साथ-साथ चोरी की रेलवे सामग्री खरीदने और उसे आगे खपाने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स