MBA, नौकरी और कनाडा की नागरिकता का सपना दिखाकर 19 लाख ठगे, 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। विदेश में MBA की पढ़ाई कराने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 19 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दुर्ग पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर विदेश भेजने, नौकरी दिलाने, कनाडा की नागरिकता और वीजा दिलाने के नाम पर रकम लेने का आरोप है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।
मामले की शिकायत भिलाईनगर निवासी सुमित अरमरकर ने 15 सितंबर को स्मृतिनगर चौकी में दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता, उनकी पत्नी स्वाती गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा ने उसे विदेश में MBA की पढ़ाई और नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोपियों ने यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की विभिन्न यूनिवर्सिटियों में MBA में प्रवेश दिलाने की बात कही। इस भरोसे पर शिकायतकर्ता ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों और चेक के जरिए कुल 19 लाख रुपये जमा किए।
रकम लेने के बाद आरोपी लगातार विदेश भेजने और नौकरी दिलाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन काफी समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कनाडा की नागरिकता, नौकरी और विजिटर वीजा के जरिए विदेश भेजने का लालच देकर भी शिकायतकर्ता से रकम ली गई।
इसी दौरान शिकायतकर्ता को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां नौकरी नहीं मिलने के कारण उसे वापस भारत लौटना पड़ा। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 2-2 लाख रुपये के तीन चेक दिए। बैंक में जमा करने पर तीनों चेक बाउंस हो गए।
शिकायत के आधार पर स्मृतिनगर चौकी, थाना सुपेला में धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामले में धारा 35(1) BNSS के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों द्वारा विदेश में MBA में प्रवेश, पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी, कनाडा की नागरिकता और विजिटर वीजा जैसे अलग-अलग प्रलोभन दिए जाते थे। इसके बाद आवेदक से किस्तों और चेक के माध्यम से रकम ली जाती थी। पैसे लेने के बाद विदेश भेजने या नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन देकर मामले को टाला जाता था।
- गगन गुप्ता – टॉप कैरियर कंसल्टेंसी संचालक
- जसविंदर सिंह डिगवा – पार्टनर
- स्वाती अग्रवाल गुप्ता – कंसल्टेंसी संचालक से संबंधित पक्ष
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विदेश में पढ़ाई, नौकरी, वीजा या अन्य सेवाओं के लिए किसी कंसल्टेंसी को रकम देने से पहले उसकी वैधता, संबंधित विश्वविद्यालय या संस्थान की मान्यता और सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।