रायपुर के 17 वर्षीय छात्र को कार में जबरन ले जाकर भिलाई में पीटा, जबड़े में तीन फ्रैक्चर

भिलाई : रायपुर के मोवा इलाके से 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र को कथित तौर पर कार में जबरन बैठाकर भिलाई ले जाने और वहां बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने विवाद के चलते चार युवकों ने छात्र को दलदल सिवनी रोड से कार में बैठाया। रास्ते में कुम्हारी टोल प्लाजा के पास उसका सामान और नकदी कथित तौर पर ले ली गई। इसके बाद भिलाई के एक मैदान में करीब 10 से 11 युवकों ने बैट से उसकी पिटाई की।
पुलिस के अनुसार, मोवा निवासी अनिकेत साहू (17) को 10 सितंबर को अरमान सिद्दीकी, रोशन सोनी, मुदित मिश्रा और शिव सोनी कार से अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि रास्ते में युवकों ने अनिकेत का ब्रेसलेट, चेन, अंगूठी, दो मोबाइल फोन और करीब 40 हजार रुपये अपने कब्जे में ले लिए।
बताया जा रहा है कि भिलाई पहुंचने के बाद कुछ अन्य युवक भी उनके साथ जुड़ गए। इसके बाद सभी आरोपी छात्र को एक मैदान में ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि युवकों ने बैट से छात्र पर हमला किया।
मारपीट में अनिकेत के जबड़े में तीन जगह फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए रायपुर डेंटल कॉलेज रेफर किया गया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद जामुल पुलिस ने अपहरण, लूट और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटाया जा रहा है।