पति के अपहरण की आशंका, हाईकोर्ट ने मोबाइल लोकेशन और CDR खंगालने के दिए निर्देश

1154216-hc-high-court

बिलासपुर। पति के लापता होने और उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पूजा कुम्हार ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई 16 सितंबर 2026 को जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास और जस्टिस सुधीर कुमार की डिवीजन बेंच में हुई। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किया और लापता रामप्रसाद कुम्हार की तलाश के लिए उसके मोबाइल नंबर 9301447712 से जुड़ी उपलब्ध जानकारी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) जुटाने के निर्देश दिए।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजीव कुमार दुबे ने कोर्ट में पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पूजा कुम्हार को आशंका है कि उसके जेल में बंद देवर के ससुराल पक्ष के लोग रामप्रसाद के लापता होने के पीछे हो सकते हैं। याचिका के अनुसार, रामप्रसाद को लगातार धमकियां दी जा रही थीं और उसे अपने भाई के मामले से दूर रहने के साथ-साथ जेल में बंद भाई की मदद नहीं करने के लिए कहा जा रहा था।

याचिकाकर्ता ने कोर्ट के समक्ष अपहरण के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

डिवीजन बेंच ने पुलिस और संबंधित जांच एजेंसी को रामप्रसाद के मोबाइल नंबर से संबंधित जानकारी तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड हासिल करने को कहा है। कोर्ट के निर्देश का उद्देश्य रामप्रसाद की आखिरी ज्ञात मोबाइल लोकेशन का पता लगाना है, जिससे उसकी तलाश और जांच को आगे बढ़ाया जा सके।

मामले के अनुसार, पूजा कुम्हार के पति रामप्रसाद के भाई रामनारायण पर अपनी सास की हत्या का आरोप है और वह वर्तमान में जेल में बंद है। रामप्रसाद अपने भाई के मामले में कानूनी मदद के लिए लगातार कोर्ट जा रहा था और जेल में उससे मुलाकात भी करता था।

याचिका के मुताबिक, रामनारायण के ससुराल पक्ष के लोग इस बात से नाराज थे। वे कथित तौर पर रामप्रसाद को अपने भाई के केस से अलग रहने और उसकी मदद नहीं करने के लिए कहते थे। याचिकाकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान रामप्रसाद को धमकियां भी दी गईं। इसके बाद उसके लापता होने पर पूजा ने अपहरण और अनहोनी की आशंका जताते हुए हाईकोर्ट का रुख किया।