सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प से जगमगाया जांजगीर-चांपा

janjgir chapa

कलेक्टोरेट सहित शासकीय कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रज्वलित हुए ‘आशीर्वाद के दीप’

रायपुर। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जांजगीर-चांपा जिले में आज जनभागीदारी के साथ ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टोरेट कार्यालय सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों तथा प्रमुख सार्वजनिक, ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से जिले के प्रमुख स्थल जगमगा उठे और सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का संदेश दिया गया।

दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सहभागिता की। दीपों के माध्यम से सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी का संदेश दिया गया। विभिन्न स्थलों पर उत्साहपूर्वक आयोजित कार्यक्रमों ने जिले में सेवा संकल्प अभियान के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित किया।

उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा जनभागीदारी आधारित आयोजनों का आयोजन किया जाएगा।