रेल पटरी पर बैठकर Free Fire खेल रहे थे दो किशोर, मालगाड़ी की चपेट में आने से एक की मौत, दूसरा गंभीर

सक्ती। सकरेलीभाठा गांव में रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल गेम खेलना दो किशोरों के लिए भारी पड़ गया। मंगलवार रात मालगाड़ी की चपेट में आने से 14 वर्षीय टिकेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी नवीन खाण्डे गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद चांपा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सकरेलीभाठा निवासी टिकेश साहू पिता श्रवण साहू और नवीन खाण्डे पिता नामप्रकाश खाण्डे मंगलवार रात करीब 8 बजे रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल में Free Fire गेम खेल रहे थे। दोनों ने कान में ईयरफोन लगा रखा था। इसी दौरान बाराद्वार की ओर से मालगाड़ी आ गई। गेम में व्यस्त होने और ईयरफोन लगे होने के कारण दोनों को ट्रेन के आने का समय रहते पता नहीं चला और वे उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में टिकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल बाराद्वार अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चांपा रेफर कर दिया गया। टिकेश कक्षा 9वीं का छात्र था।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास गणेश उत्सव का पंडाल लगा हुआ है। आसपास के करीब आधा दर्जन किशोरों के रेलवे ट्रैक के पास बैठकर मोबाइल गेम खेलने की बात सामने आई है।
हादसे से करीब 15 मिनट पहले चार किशोर रेलवे पटरी के पास बैठे थे। इनमें से दो किशोर गणेश पंडाल में प्रसाद लेने चले गए, जबकि टिकेश और नवीन वहीं रुककर गेम खेलते रहे। कुछ देर बाद दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। अगले दिन शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।