बिलासपुर : उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों का असर बिलासपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बीना सेक्शन के आगासोद स्टेशन पर जारी नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते गुरुवार को बिलासपुर जोन की 7 ट्रेनें प्रभावित हुईं। इनमें 5 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया, जबकि 2 ट्रेनें तीन घंटे से ज्यादा की देरी से चलीं।
प्रभावित ट्रेनों में कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और दुर्ग-निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल रहीं। रूट डायवर्जन और परिचालन में बदलाव के चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। वहीं बिलासपुर-रायपुर और रायगढ़ मेमू भी निर्धारित समय से पीछे चलीं। इससे रोजाना यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार को बिलासपुर स्टेशन पहुंचने वाली कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस करीब 8 घंटे की देरी से पहुंची। ट्रेन के लंबे समय तक लेट रहने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर काफी देर इंतजार करना पड़ा। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ट्रेनों के परिचालन में देरी ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, आगासोद स्टेशन पर चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य के कारण सितंबर और अक्टूबर में अलग-अलग तारीखों पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो सकता है। आने वाले दिनों में दुर्गा पूजा और दिवाली के चलते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से त्योहारी सीजन को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने और प्रभावित रेल सेवाओं को जल्द सामान्य करने की मांग की है।