छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्तियों के नियम बदले, SI से आरक्षक और ड्रग इंस्पेक्टर तक पदों की शैक्षणिक-तकनीकी योग्यता तय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित बनाने की दिशा में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने महत्वपूर्ण संशोधन किया है। विभाग ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल अधिनियम, 2026 के नियमों में बदलाव करते हुए विभिन्न विभागों के पदों के लिए शैक्षणिक, तकनीकी और शारीरिक योग्यताएं निर्धारित की हैं।
नए प्रावधानों के बाद पुलिस, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जेल, विधि और फॉरेंसिक विभाग में होने वाली भर्तियों के लिए पदवार पात्रता की तस्वीर स्पष्ट हो गई है।
पुलिस विभाग में सूबेदार, उप निरीक्षक (SI), SI विशेष शाखा और प्लाटून कमांडर पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी होगा। इन पदों के लिए कॉमन पाठ्यक्रम परीक्षा आयोजित की जाएगी।
वहीं SI रेडियो के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल या टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा निर्धारित किया गया है। SI अंगुल चिन्ह/प्रश्नाधीन दस्तावेज पद के लिए गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान के साथ B.Sc. की योग्यता रखी गई है।
SI कंप्यूटर एवं साइबर क्राइम पद के लिए BCA या B.Sc. कंप्यूटर साइंस की डिग्री आवश्यक होगी।
आरक्षक GD के जिला बल, विशेष शाखा और दूरसंचार संवर्ग के लिए 12वीं पास होने के साथ निर्धारित शारीरिक मापदंड पूरा करना होगा। वहीं आरक्षक चतुर्थ श्रेणी, CID और गुप्तवार्ता संवर्ग के लिए 10वीं पास योग्यता रखी गई है।
आरक्षक आर्म्स ट्रेड (CAF) के लिए 10वीं पास होने के साथ फिटर, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट या ब्लैकस्मिथ जैसे संबंधित ट्रेड में ITI योग्यता आवश्यक होगी। स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 और ASI (शीघ्रलेखक) को भी संशोधित संवर्ग सूची में शामिल किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के तकनीकी पदों के लिए भी अलग-अलग शैक्षणिक अर्हताएं तय की गई हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर के लिए फार्मेसी या फार्मास्युटिकल साइंस में डिग्री अथवा क्लीनिकल फार्माकोलॉजी/माइक्रोबायोलॉजी विशेषज्ञता के साथ मेडिसिन में डिग्री की पात्रता रखी गई है।
फूड सेफ्टी ऑफिसर के लिए फूड टेक्नोलॉजी, डेयरी, बायोटेक्नोलॉजी, कृषि विज्ञान, वेटरनरी साइंस, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी या मेडिसिन में डिग्री मान्य होगी।
इसके अलावा असिस्टेंट पब्लिक एनालिस्ट के लिए केमिस्ट्री, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, डेयरी/ऑयल टेक्नोलॉजी या मेडिसिन में डिग्री जरूरी होगी। जूनियर साइंटिफिक असिस्टेंट के लिए B.Pharm और सैंपल असिस्टेंट के लिए 12वीं विज्ञान संकाय, जिसमें केमिस्ट्री विषय अनिवार्य है, निर्धारित किया गया है।
सहायक लोक अभियोजक पद के लिए विधि में स्नातक यानी LLB की डिग्री आवश्यक होगी।
जेल विभाग में व्यायाम प्रशिक्षक पद के लिए 12वीं पास होने के साथ PTS प्रमाणपत्र या शारीरिक शिक्षा में डिप्लोमा और तीन वर्ष का अनुभव जरूरी होगा।
परिचारक (वार्ड बॉय) और नर्स पदों के लिए 12वीं पास योग्यता रखी गई है, जबकि नर्स पद के लिए संबंधित नर्सिंग या पैरामेडिकल प्रशिक्षण भी अनिवार्य होगा।
एक्स-रे मशीन ऑपरेटर पद के लिए PCB विषयों के साथ 12वीं और छह माह का रेडियोग्राफर/एक्स-रे डिप्लोमा निर्धारित किया गया है। मैट्रन पद के लिए 12वीं पास योग्यता और कॉमन पाठ्यक्रम परीक्षा का प्रावधान है।
फॉरेंसिक लैब में विसरा कटर और बोन कटर पदों के लिए 10वीं पास योग्यता रखी गई है। ट्रेड प्रशिक्षक पदों के लिए 12वीं के साथ संबंधित तकनीकी योग्यता, जबकि लोहार प्रशिक्षक, कम्पोजिटर और नाई पदों के लिए 10वीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड का अनुभव आवश्यक होगा।
संशोधित नियमों के लागू होने से आगामी सरकारी भर्तियों में पदवार पात्रता को लेकर स्पष्टता आने की उम्मीद है।