’सेवा संकल्प अभियान में सेवा की मिसाल: जिला चिकित्सालय जांजगीर में रक्तदान शिविर आयोजित’

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जांजगीर-चांपा के बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल शासकीय जिला चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकता के समय रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने तथा रक्त के संग्रहण एवं सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण, सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कलेक्टर महोबे ने जिला चिकित्सालय स्थित डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने डायलिसिस प्रक्रिया के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने डायलिसिस यूनिट की आवश्यकता के अनुरूप पानी की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने तथा मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूनिट में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि डायलिसिस के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. अनिता श्रीवास्तव, सिविल सर्जन सहित चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।