हिंदुस्तान यूनिलीवर के नाम पर नकली सामान! महादेव ट्रेडर्स में छापा, 23 पैकेट चायपत्ती जब्त

download

बिलासपुर : बिलासपुर में हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी का डीलर बनकर कथित तौर पर नकली उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने महादेव ट्रेडर्स में छापा मारकर कई संदिग्ध उत्पाद जब्त किए। जब्त सामान के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने हिंदुस्तान यूनिलीवर के प्रतिनिधियों के साथ महादेव ट्रेडर्स पर कार्रवाई की। जांच के दौरान ब्रूक ब्रांड की 250 ग्राम वाली चायपत्ती के 23 पैकेट संदिग्ध पाए गए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने इन उत्पादों को लिखित रूप से डुप्लीकेट बताया है।

विभाग ने नियमानुसार चायपत्ती को जब्त कर उसके सैंपल लैब जांच के लिए भेज दिए हैं। इसके अलावा दुकान से सर्फ एक्सेल की 13 बोरियां और इनो के करीब 4 से 5 पैकेट भी जब्त किए गए। इन उत्पादों की जांच में कंपनी के प्रतिनिधियों की तकनीकी मदद ली जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक नकली और असली उत्पादों में अंतर कई बार सामान्य तौर पर देखकर पता लगाना मुश्किल होता है। ऐसे मामलों में संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों से उत्पादों की तकनीकी जांच में सहयोग लिया जाता है। लैब रिपोर्ट और कंपनी की जांच के आधार पर उत्पादों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

कार्रवाई के दौरान संदिग्ध सामान से संबंधित ओरिजिनल बिल दुकानदार तत्काल प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने सभी उत्पादों के खरीद और सप्लाई से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बिल नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह भी जांच का विषय है कि संदिग्ध सामान की सप्लाई छत्तीसगढ़ के भीतर से हुई या किसी दूसरे राज्य से।

अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग आरआर देवांगन के अनुसार, कंपनी की शिकायत के बाद संदिग्ध उत्पादों को जब्त कर जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। लैब रिपोर्ट और सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।