पत्नी से अफेयर के शक में मकान मालिक की हत्या, किरायेदार ने गला दबाकर उतारा मौत के घाट

रायपुर। राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के साथ अफेयर के शक में एक युवक ने अपने मकान मालिक की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना राखी थाना क्षेत्र के गनोद इलाके की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय वेद राम साहू के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने हत्या के आरोप में 25 वर्षीय पुरुषोत्तम धीवर को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पुरुषोत्तम धीवर मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के धमनी गांव का रहने वाला है। वह वेद राम साहू के मकान में किराए पर दुकान लेकर करीब एक-दो साल से ऑटो पार्ट्स का कारोबार कर रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुरुषोत्तम को शक था कि वेद राम साहू का उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति भी बनी थी।
शुक्रवार को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर वेद राम का गला दबा दिया। गंभीर हालत में वेद राम की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम धीवर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पत्नी से कथित अवैध संबंध का शक हत्या की वजह के तौर पर सामने आया है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।