21 सितंबर से हड़ताल पर जाएंगे छत्तीसगढ़ के जूनियर डॉक्टर, 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान

हड़ताल की घोषणा के बीच जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात की। इस दौरान डॉक्टरों ने अपनी 17 सूत्रीय मांगें और लंबे समय से लंबित मुद्दे मंत्री के सामने रखे।
एसोसिएशन के मुताबिक, मांगों को लेकर शासन स्तर पर लगातार बातचीत और पत्राचार किया जाता रहा है। हालांकि, अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया गया है।
यदि 21 सितंबर से जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर जाते हैं, तो इसका असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है। खासकर सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को उपचार और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन अपनी 17 सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग पर कायम है।