भाटापारा स्टेशन पर रेलवे का किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान, 316 मामले पकड़े; 2.49 लाख रुपये वसूले

tt

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने 17 सितंबर को भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग यानी Fortress Check अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म के साथ 14 ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। इस दौरान कुल 316 मामले सामने आए, जिनसे रेलवे को 2 लाख 49 हजार 275 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

टिकट जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 202 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे रेलवे ने 1 लाख 89 हजार 800 रुपये वसूल किए।

वहीं, अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 71 यात्रियों से 50 हजार 775 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 41 यात्रियों से 4 हजार 700 रुपये और दो अनधिकृत वेंडरों से 4 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेल प्रशासन के मुताबिक, किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना है। यात्रियों को सही टिकट लेने के साथ निर्धारित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करने की समझाइश भी दी जा रही है।

अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, दो वाणिज्य निरीक्षक, 25 टिकट चेकिंग कर्मचारी और चार आरपीएफ जवान शामिल रहे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर करने से पहले उचित टिकट जरूर लें। रेल परिसर में प्रवेश से पहले निर्धारित प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए भी यात्रियों को कहा गया है।

इसके साथ ही यात्रियों से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। रायपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

रेलवे के अनुसार, इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को रेल नियमों के प्रति जागरूक करना और उचित टिकट के साथ यात्रा सुनिश्चित करना है।

रीसेंट पोस्ट्स