कवर्धा, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में रोजगार मेले, 1061 पदों पर भर्ती का मौका

jobs

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। कवर्धा, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में अलग-अलग तारीखों पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के माध्यम से निजी क्षेत्र की कंपनियां विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। तीनों जिलों को मिलाकर कुल 1061 पदों पर भर्ती की जाएगी।

कबीरधाम जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 23 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय परिसर, काली माता मंदिर के पास, ठाकुरपारा, कवर्धा में लगेगा।

इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजकों द्वारा तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी के कुल 384 पदों पर भर्ती की जाएगी। चन्द्रायन मोटर्स, श्री श्याम ट्रेडर्स, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, अश्र्व फाउंडेशन/सिक्योरिटी एवं एचआर सर्विस प्राइवेट लिमिटेड और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन सहित कई संस्थाएं अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

आवेदन के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास से स्नातक और संबंधित तकनीकी योग्यता निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 10 हजार से 25 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार पंजीयन और रोजगार मेला पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उनकी छायाप्रति लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कबीरधाम के फोन नंबर 07741-299344 पर संपर्क किया जा सकता है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 25 सितंबर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आईटीआई परिसर, नया टोला, मरवाही में आयोजित होगा।

विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 436 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिक टेक्नीशियन, फील्ड ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, मार्केटिंग और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित बैंकिंग एवं बीमा क्षेत्र के पद शामिल हैं।

अभ्यर्थियों के लिए 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई इलेक्ट्रिशियन और स्नातक जैसी योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। इच्छुक उम्मीदवार छत्तीसगढ़ शासन के रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन कर रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कोरबा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार केंद्र की ओर से 23 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला शासकीय ई.व्ही.पी.जी. कॉलेज, कोरबा में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 241 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें साइट इंजीनियर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, आईटी ऑफिसर, सिविल इंजीनियर, ऑटोकैड डिजाइनर, असिस्टेंट अकाउंटेंट, एचआर एग्जीक्यूटिव, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर, वेल्डर, मशीन ऑपरेटर, फिटर, हेल्पर, रिसेप्शनिस्ट, लैब टेक्नीशियन और इलेक्ट्रॉनिक मीटर टेक्नीशियन सहित कई पद शामिल हैं।

इसके अलावा कंप्यूटर साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स, मैथेमेटिक्स, केमिस्ट्री और बॉटनी विषयों के प्रोफेसर, अकाउंटेंट, ऑफिस बॉय, एडमिशन काउंसलर, पैकेजिंग स्टाफ, फायर एंड सेफ्टी ट्रेनर और मैनेजर के पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

इन पदों के लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीई, बीटेक, एमबीए, डिप्लोमा और आईटीआई सहित अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं मांगी गई हैं। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तक निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 10 हजार से 50 हजार रुपये तक वेतन दिया जा सकता है। रोजगार मेले में महिला अभ्यर्थी भी शामिल हो सकती हैं।

कोरबा रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का erojgar.cg.gov.in अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर रोजगार पंजीयन होना जरूरी है। इसके साथ ही इच्छुक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना भी आवश्यक है।

अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार पंजीयन और अनुभव प्रमाण-पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोरबा के फोन नंबर 07759-222069 पर संपर्क किया जा सकता है।

रीसेंट पोस्ट्स