छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, अगले 3 दिन बारिश के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

mausam

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मानसून की सक्रियता बढ़ने से अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 24 सितंबर को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में मौसम का असर अधिक दिखाई देने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।

25 सितंबर को भी मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद नहीं है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

मौसम में आए बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ नया मौसम सिस्टम बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ की ओर नमी का प्रवाह बढ़ रहा है। वहीं अरब सागर की ओर से आने वाली हवाएं भी बारिश की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है।

रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, महासमुंद, कांकेर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर अधिक रह सकता है। इन क्षेत्रों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और बौछारें दर्ज की गई हैं। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। राजधानी रायपुर में भी आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। रायपुर में दिन का तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।