गणेश विसर्जन को लेकर राजनांदगांव में अभेद्य सुरक्षा घेरा, 800 जवानों की तैनाती; ड्रोन से होगी निगरानी

विसर्जन के दौरान करीब 800 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा 4 ड्रोन कैमरों से भीड़ और झांकी मार्गों की हवाई निगरानी की जाएगी। शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर बनाए गए वॉच टॉवर से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। जेबकतरी, चेन स्नेचिंग, मोबाइल व पर्स चोरी और चाकूबाजी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
पुलिस ने पिछले 10 दिनों में जेल से रिहा हुए लोगों के साथ ही पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों की निगरानी के लिए विशेष टीम बनाई है। बाहरी असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेलवे स्टेशन, होटल, लॉज और ढाबों में जांच की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और रिजर्व फोर्स को भी रणनीतिक स्थानों पर तैनात रखा जाएगा।
झांकी और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस ने ‘One Cop–One Pandal’ व्यवस्था लागू की है। इसके तहत प्रत्येक गणेश पंडाल से एक पुलिसकर्मी समन्वय करेगा और झांकी के प्रस्थान तथा मार्ग व्यवस्था पर नजर रखेगा। प्रत्येक झांकी समिति को पांच वॉलंटियर अपने साथ रखने होंगे, जो पुलिस के साथ मिलकर भीड़ नियंत्रण में सहयोग करेंगे।
पुराने शहर के संकरे रास्तों में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए झांकियों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शहर के पांच प्रमुख प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी और डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। भारी और अनधिकृत वाहनों को पुराने शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड समेत अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए झांकी मार्ग के समानांतर इमरजेंसी कॉरिडोर सुरक्षित रखा जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने और कोलाहल संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजनांदगांव पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि विसर्जन कार्यक्रम में अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण, ज्यादा नकदी और कीमती सामान लेकर न आएं। भीड़ में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा उनके पास नाम, पता और मोबाइल नंबर की जानकारी जरूर रखें।
पुलिस ने लोगों से किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के अफवाह या भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।
पुलिस कंट्रोल रूम हेल्पलाइन: 94791 92199