रायपुर में ‘Rent A Garba Partner’ पोस्टर से मचा विवाद, सोशल मीडिया पर वायरल मामले की साइबर सेल कर रही जांच

9fab4d04-0790-486a-a8c9-d510e77f9c04

रायपुर। नवरात्रि और गरबा आयोजनों की तैयारियों के बीच रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पोस्टर पर ‘Rent A Garba Partner’ लिखा है। इसे लेकर कुछ लोगों ने पुलिस से शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल ने पोस्टर की सत्यता और इसके प्रसार की जांच शुरू कर दी है।

वायरल पोस्टर पर अंग्रेजी में “This Navratri, don’t dance alone! Rent A Garba Partner” लिखा हुआ है। पोस्टर में गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के नाम पर अलग-अलग पैकेज और उनकी कीमतों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्टर किसने तैयार किया और इसे सोशल मीडिया पर सबसे पहले किसने प्रसारित किया।

सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्टर के मुताबिक, Silver Package की कीमत 1,000 से 2,500 रुपये बताई गई है। इसमें दो घंटे गरबा पार्टनर के साथ डांस, मैचिंग आउटफिट और सेल्फी जैसी सुविधाओं का उल्लेख है।

इसी तरह Gold Package की कीमत 1,500 से 5,000 रुपये बताई गई है। पोस्टर में चार घंटे गरबा करने के साथ इंस्टाग्राम रील और फोटो जैसी गतिविधियों का जिक्र किया गया है।

वहीं Platinum Package की कीमत 2,000 से 6,000 रुपये बताई गई है। इसमें पूरी रात गरबा करने, गरबा के बाद माथे पर किस और घर तक छोड़ने जैसी बातों का उल्लेख पोस्टर में किया गया है। पुलिस इन दावों की वास्तविकता की भी जांच कर रही है।

पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर सेल पोस्टर तैयार करने वाले व्यक्ति और इसे सबसे पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल के मुताबिक, मामले को लेकर कुछ लोगों की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पोस्टर की वास्तविकता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि पोस्टर के जरिए किसी कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर में इससे पहले कथित ‘न्यूड पार्टी’ से जुड़े पोस्टर सामने आने के बाद भी विवाद हुआ था। उस मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान दो लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई थी।

अब नवरात्रि से पहले ‘Rent A Garba Partner’ पोस्टर के वायरल होने से एक बार फिर यह मामला चर्चा में है। गरबा आयोजनों से जुड़े लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान गरबा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का हिस्सा होता है और इस तरह की प्रचार सामग्री से आयोजनों की छवि प्रभावित हो सकती है।

रीसेंट पोस्ट्स