गणेश विसर्जन को लेकर दुर्ग में ट्रैफिक प्लान जारी, अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद

यातायात पुलिस के अनुसार, अंजोरा से पुलगांव और पुलगांव से अंजोरा के बीच भारी, मध्यम एवं मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, गणेश प्रतिमा विसर्जन से जुड़े वाहनों को आवश्यकतानुसार इस मार्ग से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
अंजोरा की ओर से आने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं अंडा की ओर से आने वाले भारी और मध्यम वाहनों के लिए रिसामा, गाड़ाडीह, फुंडा, पाटन और अभनपुर होते हुए रायपुर जाने का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
विसर्जन के लिए गणेश प्रतिमाओं के वाहनों का निर्धारित रूट मुर्गा चौक → 25 मिलियन चौक → सेक्टर-09 चौक → एमडी बंगला तिराहा → जेल तिराहा → महाराजा चौक → पुलगांव चौक → शिवनाथ नदी विसर्जन स्थल रहेगा।
यातायात पुलिस ने गणेश समितियों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान अनावश्यक संख्या में वाहनों को साथ न लाएं। समितियां और श्रद्धालु केवल आवश्यक एवं सीमित वाहनों के साथ ही विसर्जन स्थल तक पहुंचें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
आम नागरिकों से यातायात पुलिस ने अपील की है कि 24 से 26 सितंबर के बीच अंजोरा-पुलगांव मार्ग का उपयोग करने से बचें और आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। पुलिस ने नागरिकों से डायवर्शन और यातायात प्रतिबंधों का पालन करने तथा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।