CM साय का आज व्यस्त दौरा, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

92

CM साय हेलीकॉप्टर से मुंगेली के मदकू द्वीप पहुंचेंगे। वे दोपहर 12:20 बजे से 2:50 बजे तक मदकू द्वीप में रहेंगे। इस दौरान मंदिर दर्शन के साथ ‘आंगन मिलन सेवा एवं मेगा हेल्थ कैंप’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 3:30 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां हेलीपैड से तेलीबांधा के लिए रवाना होंगे। तेलीबांधा में आयोजित पदयात्रा सप्ताह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 4:45 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आज से

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला व बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग के समन्वय से होने वाले इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी माताओं, बच्चों और समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक केंद्र में निर्धारित तिथि पर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजन होगा। कार्यक्रम में ‘मेरी पौष्टिक थाली’ और पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

436 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ शासन, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग, रायपुर द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा 25 सितंबर शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आईटीआई परिसर, नया टोला, मरवाही में आयोजित होगा।

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों द्वारा कुल 436 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें इलेक्ट्रिक सेक्टर में इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मैंनटेनेंस इलेक्ट्रिक टेक्नीशियन, फाइनेंस सेक्टर में फील्ड ऑफिसर एंड कलेक्शन ऑफिसर, सिक्योरिटी एवं सर्विस सेक्टर में सिक्युरिटी गार्ड, सुपरवाईजर, सिक्युरिटी सुपरवाईजर, मार्केटिंग, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित बैंकिंग और बीमा क्षेत्र में विभिन्न पद शामिल हैं।

रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ शासन की आधिकारिक रोजगार वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in पर रोजगार के अवसर के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रोजगार मेले में शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई इलेक्ट्रिशियन, स्नातक आदि योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

गणपति बप्पा की विदाई का सिलसिला शुरू

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणपति बप्पा की विदाई का सिलसिला शुरू हो गया है। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन और नगर निगम की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। नदी और तालाबों में प्रतिमा विसर्जन पर मनाही है। इसके लिए शहर के सभी 10 जोन में अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए गए हैं।

महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में देर रात तक 442 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें 368 छोटी और 74 बड़ी गणेश प्रतिमाएं शामिल हैं। श्रद्धालु हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठान के बाद विधि-विधान से गणपति बप्पा को विदाई दे रहे हैं।

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए सुबह 6:11 बजे से रात तक अलग-अलग मुहूर्त निर्धारित हैं। इस दौरान श्रद्धालु निर्धारित अस्थायी विसर्जन कुंडों में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगे।