बस में यात्री के बैग से 7.50 लाख रुपये पार, ढाबे पर रुकी थी बस; रायपुर पहुंचने पर हुआ चोरी का खुलासा

कोरबा : छत्तीसगढ़ में बस से अंबिकापुर से रायपुर लौट रहे एक यात्री के बैग से 7.50 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना कोरबा जिले के मोरगा स्थित जायसवाल ढाबे के पास बस रुकने के दौरान होने की आशंका जताई जा रही है। यात्री को चोरी का पता रायपुर पहुंचने के बाद बैग खोलने पर चला। शिकायत के आधार पर आमानाका थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रायपुर के बरसाना इन्क्लेव, महोबा बाजार निवासी हरीश अग्रवाल अपनी मां से मिलने अंबिकापुर गए थे। उनकी मां उनके छोटे भाई मनीष अग्रवाल के साथ रहती हैं। वापस रायपुर लौटते समय हरीश दुबे बस सर्विस की बस में सवार हुए थे।
हरीश के मुताबिक, उनके भाई मनीष ने रायपुर में एक व्यापारी को भुगतान करने के लिए उन्हें 10 लाख रुपये दिए थे। उन्होंने पूरी रकम अपने बैग में कपड़ों के नीचे रख दी थी।
यात्रा के दौरान देर रात करीब 1 बजे बस कोरबा जिले के मोरगा स्थित जायसवाल ढाबे पर खाना खाने के लिए रुकी। हरीश भी बस से नीचे उतरकर खाना खाने गए। खाना खाने के बाद वह वापस बस में आए और अपनी सीट पर बैठ गए। इसके बाद बस रायपुर के लिए रवाना हो गई।
सुबह रायपुर पहुंचने के बाद हरीश अपने घर पहुंचे। जब उन्होंने बैग खोलकर रकम निकालने की कोशिश की तो कपड़े अस्त-व्यस्त मिले। बैग में रखे 10 लाख रुपये में से सिर्फ 2.50 लाख रुपये ही मौजूद थे। बाकी 7.50 लाख रुपये गायब थे।
घटना की जानकारी हरीश ने तत्काल अपने भाई मनीष को दी। इसके बाद आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस अब बस में सफर करने वाले यात्रियों के साथ-साथ मोरगा के जायसवाल ढाबे पर बस के रुकने के दौरान हुई गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रकम बस में चोरी हुई या ढाबे पर बस रुकने के दौरान किसी ने बैग से पैसे निकाले।
